भोपाल. मध्यप्रदेश के सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक शानदार अवसर आया है। मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (एमपीईएसबी) ने वन विभाग के अंतर्गत वनरक्षकों के 728 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन आज यानी 28 फरवरी से शुरू हो गए है। इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 14 मार्च तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। परीक्षा 7 अप्रैल को होगी।
वन विभाग में 728 वनरक्षकों की सीधी भर्ती
मध्यप्रदेश में सरकारी नौकरियों का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। कर्मचारी चयन मंडल ने वन विभाग में 728 वनरक्षकों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। यह सीधी भर्ती उन अभ्यर्थियों के लिए एक बेहतरीन मौका है जो वर्दी पहनकर देश की सेवा करना चाहते हैं।
शैक्षणिक योग्यता और आवेदन शुल्क
भर्ती के नियमों के अनुसार, आवेदक का माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश या किसी समकक्ष संस्था से 12वीं (10+2) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क 500 रुपये प्रति प्रश्न पत्र निर्धारित है। वहीं, एमपी के मूल निवासी एससी, एसटी, ओबीसी, और ईडबलूएस अभ्यर्थियों को केवल 250 रुपए शुल्क देना होगा।
चयन प्रक्रिया और परीक्षा केंद्र के ये होंगे नियम
भर्ती के लिए ऑनलाइन लिखित परीक्षा 7 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। मेरिट सूची लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर अपना आधार कार्ड और एक वैध मूल पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा। बिना आधार सत्यापन के किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
किसे मिलेगा आरक्षण का फायदा?
इन पदों पर सरकार के नियमों के अनुसार आरक्षण दिया जाएगा। इसमें सामान्य वर्ग (क्र) के साथ-साथ एससी, एसटी, ओबीसी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडबलूएस) को लाभ मिलेगा। साथ ही, महिलाओं, पूर्व सैनिकों और आरक्षित श्रेणियों को पदों में उचित आरक्षण दिया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया और जरूरी जानकारी
जो भी उम्मीदवार इस भर्ती के लिए ्रआवेदन करना चाहते हैं, वे मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (एमपीईएसबी) की ऑफीशियल वेबसाइट पर जाकर विजिट कर सकते हैं। फॉर्म भरने से पहले सभी दिशा निर्देशों को ध्यान से जरूर पढ़ें।
