व्हीएफजे : नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की प्रथम छमाही बैठक मेँ शामिल हुए 31 कार्यालय


जबलपुर।
व्हीकल फैक्ट्री में मंगलवार को नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति  (क्रमांक 3) की प्रथम छमाही बैठक का आयोजन किया गया। उल्लेखनीय है कि राजभाषा विभाग, भारत सरकार द्वारा जबलपुर में नगर राजभाषा समिति (क्रमांक 3) का गठन हाल ही में किया गया है और इसकी अध्यक्षता मुख्य महाप्रबंधक, व्हीएफजे को सौंपी है। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (क्रमांक 3) में जबलपुर में स्थित 31 केंद्रीय कार्यालयों को शामिल किया गया है।

कार्यक्रम की शुरुआत में सचिव नराकास श्वेता जोहरी गुप्ता उप महाप्रबंधक ने सचिव का प्रतिवेदन पढ़ा और विभिन्न सदस्य कार्यालयों द्वारा भेजी गए रिपोर्ट पर अपने विचार संक्षेप में व्यक्त किया। रमा दीक्षित, अनुभाग प्रमुख राजभाषा द्वारा सभी सदस्य कार्यालयों से प्राप्त राजभाषा तिमाही प्रगति रिपोर्ट पर व्यापक समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की और सभी सदस्य कार्यालयों के उपस्थित अधिकारियों कर्मचारियों को भारत सरकार, राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित किए गए लक्ष्य के अनुसार हिंदी में कामकाज करने की अपील की। 

बैठक में सीक्यूए, ओएफवी के नियंत्रक एसपी डेकाटे ने अपने कार्यालय में राजभाषा के प्रगामी प्रयोग हेतु किए जा रहे कार्यों के संबंध में अपने विचार रखे।आयुध निर्माणी खमरिया से  जयप्रकाश सिंह, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी ने राजभाषा के प्रगामी प्रयोग को लेकर अपने सुझाव दिए।

बैठक में अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में नराकास (क्रमांक 3) के अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने सभी से भारत सरकार, राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित किए गए लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य कार्यालय राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहे हैं पर हमें और अधिक कामकाज हिंदी में करने की आवश्यकता है। बैठक में व्हीएफजे से सुबी सैमुअल, गोलू झरिया, अजय अवस्थी, अजय कश्यप, प्रशांत अहिरवार उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post