khabar abhi tak

जबलपुर के दो अस्पतालों पर 1 लाख का जुर्माना, 24 घंटे में सील करने का अल्टीमेटम


जबलपुर।
माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से पालन कराने के लिए शनिवार को जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शहर के अस्पतालों में प्रदूषण नियंत्रण मानकों की सघन जांच की। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशन में हुई इस बड़ी कार्रवाई से अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है। निरीक्षण के दौरान कटंगी बायपास स्थित मंगलम हॉस्पिटल और हेल्थ सिटी मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में भारी अनियमितताएं पाई गईं। टीम ने देखा कि इन अस्पतालों में न केवल अपशिष्ट उपचार संयंत्र बंद थे, बल्कि बायोमेडिकल वेस्ट को खुले में जलाया जा रहा था। इस गंभीर लापरवाही पर नगर निगम ने अस्पताल प्रबंधन पर 1 लाख रुपये का जुर्माना ठोंका है और 24 घंटे का अल्टीमेटम जारी किया है।

खुले में जलता मिला बायोमेडिकल वेस्ट, ईटीपी भी मिले बंद


निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के अनुसार, औचक निरीक्षण के दौरान स्थिति बेहद चिंताजनक मिली। नियमों को ताक पर रखकर अस्पताल का स्टाफ बायोमेडिकल वेस्ट को खुले में आग लगा रहा था, जो पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा है। इसके साथ ही तरल अपशिष्ट के उपचार के लिए जरूरी ई.टी.पी. प्लांट भी संचालित नहीं पाए गए, जो प्रदूषण नियंत्रण नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

24 घंटे का अल्टीमेटम: संतोषजनक जवाब नहीं तो सील होगा अस्पताल

​प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि 24 घंटे के भीतर नियमों के उल्लंघन पर कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया, तो अस्पताल को सील करने की कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्ती का उद्देश्य शहर के वातावरण को सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त बनाना है।

संयुक्त टीम ने संभाली कमान, लगातार जारी रहेगी जांच

​इस बड़ी कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी सुश्री अंकिता बर्मन, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र राज, और पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की वैज्ञानिक रक्षा रहांगडाले व अमिया एक्का सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान अभी थमेगा नहीं; शहर के अन्य चिकित्सा संस्थानों में भी मानकों की जांच की जाएगी और लापरवाही मिलने पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई दोहराई जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak