जबलपुर/सागर। एमपी के जबलपुर से सागर के शाहगढ़ जाकर नर्स दीपशिखा की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी सुशील चढ़ार पर पुलिस अधीक्षक ने दस हजार रुपए का ईनाम घोषित किया है। वहीं सागर पुलिस जबलपुर में आरोपी को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। यहां तक कि पनागर स्थित आवास पर परिजनों से भी पूछताछ की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सागर के शाहगढ़ में नर्स की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी वारदात के सात दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस सागर से लेकर जबलपुर तक आरोपी की तलाश कर रही है लेकिन आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। इसी बीच पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। हत्या के मामले में फरार आरोपी सुशील पिता रामसेवक चढ़ार उम्र 28 साल निवासी मुडिय़ा पनागर जबलपुर फरार है। 4 फरवरी की रात नर्स दीपशिखा की ड्यूटी रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक थी। वह ड्यूटी का समय होने पर पैदल रूम से अस्पताल ड्यूटी पर जा रही थी। तभी अस्पताल के गेट के पास पहुंची तो आरोपी ने हाथ पकड़ लिया। उसने छुड़ाया तो धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। इसी दौरान आरोपी ने जेब से कट्टा निकाला और तीन फायर किए। एक फायर मिस हो गया। लेकिन दो गोलियां नर्स की पीठ पर दिल के ठीक पीछे लगी। जिससे नर्स दिपशिखा की मौत हो गई थी।
पनागर स्थित आवास व रिश्तेदारों के घर भी दे रहे दबिश-
जबलपुर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी के घर और रिश्तेदारों के घरों पर दबिश दी। लेकिन आरोपी नहीं मिला। पिछले सात दिनों से सागर पुलिस और जबलपुर की पाटन, पनागर थाना पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। लेकिन आरोपी सुशील गिरफ्त में नहीं आ सका है।
एकतरफा में प्यार में की थी हत्या-
वारदात सामने आते ही पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि नर्स की हत्या उसके ही रिश्ते में लगने वाले मौसी के बेटे सुशील चढ़ार ने की है। आरोपी ने एकतरफा प्यार में हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। वह नर्स से प्रेम करता था और शादी करना चाहता था।