khabar abhi tak

पमरे ने गंदगी फैलाने वाले यात्रियों पर कसा शिकंजा, 10 माह में ही 14 हजार यात्रियों से 29 लाख से ज्यादा का जुर्माना वसूला

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर, भोपाल एवं कोटा तीनों मण्डलों के सभी स्टेशनों पर स्टेशन परिसर एवं रेलगाडिय़ों में स्वच्छ, सुखद एवं पर्यावरण अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में, जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडलों में गंदगी फैलाने वाले यात्रियों के विरुद्ध रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

  पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा चालू वित्तीय वर्ष के अप्रैल 2025 से जनवरी 2026 कुल दस माह में गन्दगी फैलाने वालों के विरुद्ध चलाये गए अभियान में कुल 14,589 व्यक्तियों के मामले पकडे गए, जिनसे कुल 29 लाख 60 हजार 340 रूपये जुर्माना वसूला गया।

अकेले माह जनवरी 2026 में गन्दगी फैलाने वालों के विरुद्ध चलाये गए अभियान में कुल 1095 व्यक्तियों के मामले पकडे गए, जिनसे कुल 02 लाख 25 हजार 200 रूपये जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा जुर्माने के साथ साथ ऐसे लोगों को समझाईश भी दी जाती है। साथ ही गंदगी से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए स्टेशन परिसर स्वच्छ रखने के लिए अनुरोध भी किया जाता है।

स्वच्छता के प्रति जागरूकता और कार्यवाही

रेल प्रशासन द्वारा स्टेशनों और रेलगाडिय़ों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ उद्घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है। यात्रियों को स्टेशन परिसर साफ रखने, धूम्रपान न करने और कूड़ा न फैलाने की समझाइश दी जाती है। बार-बार चेतावनी के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।

रेल प्रशासन की अपील

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे आपकी अपनी संपत्ति है, रेल परिसर में कृपया गंदगी न फैलाएं। स्टेशन परिसर एवं रेलगाडिय़ों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में रेल प्रशासन द्वारा किये जा रहे प्रयासों का सहयोग करें। गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध यह जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak