रेलवे कोचिंग डिपो में ट्रेनों की सफाई कर्मचारियों ने की हड़ताल, दो माह से वेतन नहीं मिलने से आक्रोश (देखें वीडियो)

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर स्थित कोचिंग डिपो में आज शनिवार 21 फरवरी की सुबह उस समय हंगामा मच गया, जब यहां पर ट्रेनों की साफ-सफाई का काम करने वाले कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं मिलने से उन्होंने कामबंद  हड़़ताल कर दी। कर्मचारियों का कहना है कि हमेशा ही उन्होंने वेतन के लिए गिड़गिड़ाना पड़ता है, माह समाप्त होने को है, लेकिन उनके वेतन का कोई अता-पता नहीं है.

कोचिंग डिपो के मेन गेट पर बड़ी संख्या में काम बंद कर बैठे कर्मचारियों में अधिकांश कर्मचारी महिलाएं हैं, उन्होंने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरे महीने पूरी मेहनत से ट्रेनों की साफ-सफाई, जिसमें यात्रियों की गंदगी भी रहती है, को पूरी ईमानदारी से स्वच्छ करती है। यह सब इसलिए ताकि जब महीना पूरा हो तो उन्हें उनकी मेहनत की पूरी पगार समय पर मिल सके, जिससे उनका घर-परिवार चल सके, किंतु लखनऊ की आरएन इंडस्ट्री नामक कंपनी कभी भी उन लोगों को समय पर वेतन नहीं देती है। उनका पीएफ का भी कुछ अता-पता नहीं है। 


पीडि़त कर्मचारियों ने कहा कि शिकायत करने पर कंपनी के सुपरवाइजर कहते हैं कि डीआरएम आफिस में उनका बिल रुका हुआ है, जब बिल पास होगा तब पेमेंट करेंगे। महिला कर्मचारियों ने दुखी होकर कहा कि फरवरी माह समाप्त होने को आ गया है, उन्हें जनवरी माह के वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने रेल प्रशासन से मांग की है कि आरएन इंडस्ट्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये और उन्हें हर माह को 7 तारीख के पहले वेतन दिलवाने व उनके पीएफ की व्यवस्था की जाये. 

Post a Comment

Previous Post Next Post