ग्राउंड जीरो पर एक्शन: सीईओ गेहलोत ने बेलखेड़ा में ली विशेष ग्राम सभा, वृंदावन योजना का खींचा खाका


जबलपुर।
जनपद पंचायत शहपुरा के अंतर्गत चयनित वृंदावन ग्राम पंचायत बेलखेड़ा में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पंचायत जबलपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गेहलोत की अध्यक्षता में  ग्राम पंचायत में ट्रांजिट वॉक एवं विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों और अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

ताकि बने विकास की ठोस रणनीति

​कार्यक्रम की शुरुआत ट्रांजिट वॉक से हुई, जिसके दौरान जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। उन्होंने गांव में स्वच्छता प्रबंधन, पेयजल की उपलब्धता, हरित विकास की संभावनाओं, अधोसंरचना विकास और आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों का मौके पर ही अवलोकन किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य ग्राम की वास्तविक आवश्यकताओं और वहां उपलब्ध संसाधनों का प्रत्यक्ष आकलन करना था, ताकि विकास की ठोस रणनीति बनाई जा सके। इसके पश्चात आयोजित विशेष ग्राम सभा में वृंदावन योजना के लक्ष्यों और इसकी कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। सभा में पंचायत की वार्षिक कार्ययोजना को अंतिम रूप देने के लिए ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों और स्व-सहायता समूहों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए गए। सीईओ श्री गेहलोत ने जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि वृंदावन योजना का मूल मंत्र गांवों को स्वच्छ, हरित, सुव्यवस्थित और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने जोर दिया कि इस लक्ष्य की प्राप्ति केवल सामुदायिक सहभागिता और स्थानीय संसाधनों के सही उपयोग से ही संभव है। उन्होंने उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। इस अवसर पर जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही जिला पंचायत से डीपीएम (आरजीएसए), डीसी (आरजीएसए), ग्राम पंचायत के सरपंच, पंचगण, ग्राम स्तरीय समितियां, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने गांव के सर्वांगीण विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post