जबलपुर। छह कारों में कर्कश हॉर्न, चारों इंडीकेटर ऑन और कारों में लटक कर हो-हल्ला, उन्माद और मस्ती। यह भले ही फिल्मों में देखा गया हो, लेकिन यह हकीकत मंगलवार रात घमापुर से भानतलैया जाने वाले मार्ग की है। इस जगह पर तूफानी गति से भाग रही छह कारों को देखकर सड़क पर चलने वाले लोग छिटकर दूर होते रहे। छह कारों का काफिला आगे बढ़ता रहा। दूसरी ओर से डायल 112 भी गुजरती रही लेकिन सड़क पर स्टंट करने वाले इन युवाओं को रोकने वाला कोई नहीं था।
रात करीब 12 बजे की बात है, जब हाईकोर्ट चौराहे की ओर से तेज गति से आती कारों के काफिले को देखकर लोग दूर होते नजर आए। कारों की खिड़की से युवक बाहर लटकते नजर आए तो कुछ लग्जरी गाड़ियों के पैयदान पर अनजान युवक खड़े हुए भी थे। सड़क पर चल रहे यातायात के बीच ये गाड़ियां दौड़ रही थीं। बीच-बीच में लगने वाले कारों के ब्रेक से लोग चौंक रहे थे। हुआ क्या, ये कारें द्रुत गति से घमापुर चौराहे तक पहुंच गई थी। कारों की रफ्तार को देखकर लोग सड़क किनारे वाहन सहित थम गए थे। मस्ती में कोलाहल करते हुए युवक झूम रहे थे। तभी भानतलैया की ओर से एक डायल 112 आते दिखी। लोगों ने सोचा था कि शायद स्टंट करने वाले इन लोगों की जान को सलामत करने के लिए एक्शन होगा लेकिन क्या था, वाहन इसे देखते हुए निकल गया। उधर, मस्ती में चूर अनजान युवा वाहन सहित वहां से गुजर गए।

