जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल में रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, जबलपुर द्वारा केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना सीईएन-08/2024 (लेवल-1) के तहत आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। रेलवे स्टेडियम, जबलपुर में 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस परीक्षा में कुल 1939 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की।
भर्ती प्रक्रिया के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए 3383 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। रिजर्व डे सहित कुल 2261 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 254 महिलाएं थीं। परीक्षा में सफल 1939 अभ्यर्थियों में 125 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
1614 रिक्त पदों पर होगी भर्ती
शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर, भोपाल एवं कोटा मंडलों के साथ भोपाल और कोटा स्थित कारखानों में संरक्षा से जुड़े विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इस प्रक्रिया के तहत कुल 1614 रिक्त पद भरे जाने हैं। इससे रेल परिचालन, परिसंपत्तियों के रखरखाव और संरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
अभ्यर्थियों के लिए की गईं आवश्यक व्यवस्थाएं
परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षा स्थल, पेयजल और शौचालय सहित जरूरी इंतजाम किए गए। वहीं, परीक्षा के दौरान चोटिल होने वाले अभ्यर्थियों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए पश्चिम मध्य रेल के केंद्रीय चिकित्सालय, जबलपुर के सहयोग से मेडिकल टीम और एम्बुलेंस तैनात की गई थी।
प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी के मार्गदर्शन और रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ के अध्यक्ष की निगरानी में परीक्षा आयोजित की गई। जबलपुर मंडल रेल प्रबंधक और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी के सहयोग से पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। आयोजन में रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ और जबलपुर मंडल के अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रेलवे की वेबसाइट पर उपलब्ध है परिणाम संबंधी जानकारी
शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल और असफल अभ्यर्थियों की विस्तृत जानकारी पश्चिम मध्य रेल की आधिकारिक वेबसाइट https://wcr.indianrailways.gov.in पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर About Us → Recruitment → Railway Recruitment Cell → CEN-08/2024 (Level-1) अनुभाग में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
