जबलपुर। विश्व हिंदू परिषद, महाकौशल प्रांत की विभाग बैठक सोमवार को रानीताल स्थित प्रज्ञा मंडपम में संपन्न हुई। बैठक में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय सह मंत्री एवं केंद्रीय सह गौ रक्षा प्रमुख केशव राजू का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। बैठक में प्रांत अध्यक्ष
सुनील भागचंदानी, प्रांत सह मंत्री प्रदीप पटेल सहित महाकौशल प्रांत के सभी छह जिलों से जिला, प्रखंड एवं खंड स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठन के विस्तार, हित चिंतक अभियान को प्रभावी बनाने, कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण तथा धर्म-संस्कृति के संस्कारों को समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुँचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह प्रचार प्रसार प्रमुख, अजय चौरसिया ने बताया कि बैठक को संबोधित करते हुए केशव राजू ने संगठनात्मक कार्यों को अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने हित चिंतक अभियान के माध्यम से समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचने, संगठन के उद्देश्यों से परिचित कराने तथा समाज के लोगों को सेवा, धर्म एवं संस्कृति से जुड़े कार्यों में सहभागी बनाने का आह्वान किया।
बैठक में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की भूमिका पर चर्चा करते हुए धर्मांतरण एवं लव जिहाद जैसी सामाजिक चुनौतियों के प्रति जागरूक रहने तथा कानून के दायरे में रहकर सजगता, साहस और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।
इन्होंने व्यक्ति निर्माण को संगठनात्मक कार्यों का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कार्यकर्ताओं में अनुशासन, सेवा भाव, सामाजिक दायित्व एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि धर्म एवं संस्कृति का ज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसे परिवारों, बच्चों और नई पीढ़ी के दैनिक जीवन एवं संस्कारों का हिस्सा बनाना आवश्यक है। इसके लिए घर-घर में धार्मिक शिक्षा, सांस्कृतिक परंपराओं और जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया गया
गौ रक्षा विभाग की केंद्रीय बैठक में जबलपुर के माननीय श्री मुकेश विद्यार्थी जी को गौवंश हत्या एवं मांस निर्यात निरोध परिषद का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर हर्ष व्यक्त किया गया। उनके इस महत्वपूर्ण दायित्व पर नियुक्त होने को गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त होने के पश्चात जबलपुर के प्रथम नगर आगमन पर मुकेश विद्यार्थी का स्वागत किया गया। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, हित चिंतक अभियान को योजनाबद्ध तरीके से संचालित करने तथा जिला, प्रखंड एवं खंड स्तर पर आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक का मुख्य संदेश संगठन का विस्तार, संस्कारयुक्त व्यक्ति निर्माण, गौवंश संरक्षण तथा धर्म-संस्कृति के मूल्यों को समाज के प्रत्येक परिवार तक पहुँचाकर सामाजिक जागरूकता को सुदृढ़ करना रहा।

