जबलपुर : डीआरएम ने पिपरिया स्टेशन का किया निरीक्षण, ब्रिज निर्माण जल्द शुरू करने के दिये निर्देश

 
जबलपुर. पमरे के जबलपुर रेल के मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा ने शनिवार 21 फरवरी की दोपहर पिपरिया स्टेशन का निरीक्षण किया। वे परख स्पेशल से पिपरिया पहुंचे। उनके साथ कई विभागीय आला अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने विकास एवं निर्माण कार्यों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मंडल रेल प्रबंधक ने पिपरिया रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों का विशेष रूप से निरीक्षण किया।

तीनों प्लेटफॉर्मों का मुआयना किया

उन्होंने तीनों प्लेटफॉर्मों का पैदल चलकर मुआयना किया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक और सीनियर डीईएन (को.) सहित अन्य अधिकारी भी उनके साथ थे। उन्होंने मालगोदाम और नए फुट ओवर ब्रिज के पहुंच मार्ग का भी अवलोकन किया।

नये ब्रिज का निर्माण शुरू नहीं होने से नाराज

निरीक्षण के दौरान, डीआरएम तलरेजा ने नवीन ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू न होने पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि जनवरी में पुराना ब्रिज टूटने के बावजूद अब तक निर्माण में प्रगति क्यों नहीं हुई है। उन्होंने संबंधित विभाग को जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने पिछले दिनों सांसद की ओर से स्टेशन निरीक्षण में उठाए गए जनहित के मुद्दों पर भी अधिकारियों से फीडबैक लिया।

स्वच्छता के निर्देश, निरीक्षण के बाद जबलपुर रवाना

निरीक्षण के दौरान, सीनियर डीईएन (को) ने स्टेशन मैनेजर रमेश सिंह को प्लेटफॉर्म पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश दिए। पिपरिया के निरीक्षण के बाद, जबलपुर की ओर रवाना हो गए। इससे पहले सुबह डीआरएम ने गुर्रा से भिटोनी रेलवे स्टेशन तक रेल खंड का निरीक्षण भी किया था। उल्लेखनीय है कि अमृत भारत योजना के तहत विभिन्न चिन्हित स्टेशनों पर कई विकास एवं निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post