जबलपुर। शनिवार को मौसम के बदले मिजाज ने हवाई यात्रियों की कमर तोड़ दी। घनी धुंध और लो-विजिबिलिटी (कम दृश्यता) के कारण डुमना एयरपोर्ट पर उड़ानों का शेड्यूल पूरी तरह पटरी से उतर गया। स्थिति इतनी गंभीर थी कि मुंबई से जबलपुर आ रहे विमान को लैंडिंग की जगह न मिलने के कारण डायवर्ट कर अहमदाबाद ले जाना पड़ा। घंटों की देरी ने यात्रियों की प्लानिंग पर पानी फेर दिया। दिल्ली जाने वाले यात्रियों ने उड़ान में अत्यधिक विलंब देखते हुए अपनी यात्रा निरस्त कर दी। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, शनिवार सुबह से ही रनवे धुंध की चादर में लिपटा रहा, जिससे लैंडिंग और टेकऑफ के लिए जरूरी सिग्नल नहीं मिल पा रहे थे।
-ऐसे बिगड़ा शेड्यूल
- मुंबई-जबलपुर: सुबह 9:40 की जगह दोपहर 2:45 बजे लैंड हुई (अहमदाबाद होकर आई)।
- इंदौर-जबलपुर: सुबह 8:25 की जगह दोपहर 12:35 बजे पहुंची (4 घंटे की देरी)।
- बेंगलुरु व दिल्ली: ये उड़ानें भी अपने निर्धारित समय से 1 से 1.5 घंटे की देरी से रवाना हुईं।
