पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के पवई विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कृष्णगढ़ में जमीनी विवाद को लेकर एक ही परिवार के बीच खूनी संघर्ष हो गया। पहले दिन महिला के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला दर्ज हुआ था, जबकि अगले ही दिन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में गोली लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को सिर में चोट आई है। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उन्हें कटनी से जबलपुर रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कृष्णगढ़ निवासी सबीना अख्तर पति स्वर्गीय अकरम खान का अपने देवर अफजल खान उर्फ रानू से जमीनी विवाद चल रहा था। पति की मृत्यु के बाद सबीना को कथित रूप से लगातार परेशान किया जा रहा था, जिसके चलते वह कुछ समय से अपने मायके ग्राम ककरेहटी में रह रही थी। 14 जनवरी को सबीना अख्तर अपने बच्चों के साथ अपने भाई मोहम्मद रईस के साथ कृष्णगढ़ स्थित अपने घर पहुंची थी। इसी दौरान अफजल खान ने यह कहते हुए अपमानित किया कि उसका यहां कोई अधिकार नहीं है और वह वापस चली जाए। इस बात को लेकर विवाद हुआ, जिस पर सबीना अख्तर ने पवई थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने एफआईआर क्रमांक 0021/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
गोलीबारी और मारपीट
इसी विवाद के क्रम में आज 15 जनवरी गुरुवार को स्थिति और बिगड़ गई। बताया गया कि सबीना अख्तर का भाई मोहम्मद रईस, जो पहले से उसके साथ मौजूद था, कहासुनी बढऩे पर आरोप है कि अफजल खान ने मोहम्मद रईस पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं अपने बचाव में मोहम्मद रईस द्वारा डंडे से किए गए वार में अफजल खान के सिर में चोट आई। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से गोली से घायल मोहम्मद रईस को पवई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर कुछ समय बाद उसे कटनी से जबलपुर रेफर कर दिया गया। इसके बाद घायल अफजल खान को भी पवई स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से उसे कटनी रेफर किया गया।
