khabar abhi tak

कर्त्तव्य का सम्मान: गणतंत्र दिवस पर चमके बिजली कंपनी के 'सितारे', 50 कार्मिकों को मिला रजत पदक


जबलपुर।
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का पर्व भव्य और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध संचालक विशेष गढ़पाले ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनरेशन कंपनी के प्रबंध संचालक मंजीत सिंह, पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी व मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) संपदा सराफ गुर्जर की उपस्थिति रही।

उत्कृष्ट कार्य के लिए रजत पदक और नकद पुरस्कार


ध्वजारोहण के पश्चात आयोजित सम्मान समारोह में विशेष गढ़पाले ने कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले कुल 50 कार्मिकों को सम्मानित किया। व्यक्तिगत श्रेणी में 21 कार्मिकों को सम्मानित किया गया और सामूहिक श्रेणी में 29 कार्मिकों को उत्कृष्ट टीम वर्क के लिए चुना गया। सभी चयनित कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र और रजत पदक प्रदान किए गए। इसके साथ ही श्रेणी-3 और श्रेणी-4 के कर्मचारियों को 5,000 रुपये की नकद राशि दी गई। सामूहिक श्रेणी में टीम लीडर्स को शील्ड भी प्रदान की गई।

सेवा के संकल्प को मिली सराहना

​सम्मानित होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों ने विद्युत वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसमें मुख्य रूप से उपभोक्ता सेवा में सुधार, राजस्व वृद्धि, तकनीकी नवाचार, स्मार्ट मीटरिंग का क्रियान्वयन और आईटी आधारित प्रणालियों को लागू करना शामिल है। इसके अलावा प्रशिक्षण, प्रशासनिक कार्य और कुशल वित्तीय प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में दिए गए योगदान को भी सराहा गया। समारोह में पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की सहित विभिन्न विभागों के मुख्य अभियंता, अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त कार्मिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में महिला कार्मिकों और बच्चों की भागीदारी ने उत्सव के उल्लास को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की प्रगति और विद्युत सेवाओं को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak