जबलपुर। पेंशनर्स की भूमिका नगर निगम के विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण है, उनका अनुभव एवं ज्ञान का लाभ समाज एवं नगर के हित में हमें लेना चाहिए क्योंकि यह निगम की धरोहर हैं उक्त उद्गार मुख्य अतिथि की आसंदी से महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने व्यक्त किये। नगर निगम जबलपुर के पेंशनर समाज के रजत जयंती समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा पेंशनर्स के शेष दो प्रतिशत डीआर का भुगतान शीघ्र कर दिया जाएगा। पेंशनर्स की अन्य देय राशियों का भुगतान भी हम शीघ्रता से कर रहे हैं। लगभग 8 करोड़ की देनदारी पेंशनर्स की है, जिसे एक-एक करोड़ देकर भुगतान किया जा रहा है। अब जो भी कर्मचारी सेवानिवृत्ति होंगे, उन्हें सेवानिवृत्ति के दिन ही संपूर्ण भुगतान किया जाएगा।
समारोह में अन्य वक्ताओं में श्याम भट्ट, मथुरा प्रसाद चौबे, डॉ आरके हूंका, डॉ सुंदरलाल गुप्ता, एचपी उरमलिया, कमला अवस्थी, विजय वर्मा ने संबोधित किया। कार्यक्रम में महापौर ने उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जैकेट उपहार स्वरूप प्रदान किए।
