जबलपुर। माढ़ोताल में ऐसी ह्दयविदारक घटना सामने आई है, जिसमें पल भर में एक नौ वर्षीय बालक की जान चली गई। यह हादसा माढ़ोताल में किराए के मकान में रह रहे एक किराएदार के साथ घटित हुआ है। बच्चे को इलाज के लिए मेडिकल में भर्ती किया था, जहां जीवन और मौत के बीच संघर्ष करते हुए बालक ने दम तोड़ दिया।
माढ़ोताल एसआई बलवंत मसकोले ने बताया कि शुक्रवार को मानेगांव में रहने वालो सेन परिवार माढ़ोताल में किराए से रह रहा था। परिवार का नौ वर्षीय शनि सेन दिन के समय छत पर पतंग उड़ा रहा था। पतंग उड़ाते समय उसकी पतंग बिजली की लाइन में फंस गई। पतंग निकालने की उसने काफी कोशिश की, जब पतंग नहीं निकली तो उसने पास ही पड़ी लोहे की सरिया उठाकर पतंग निकालने की कोशिश की। लोहे की सरिया बिजली लाइन की चपेट में आते ही नंगे पैर छत पर पतंग उड़ा रहा शनि करंट की चपेट में आ गया। पल भर में झटके से उसके शरीर में आग लग गई। मौके पर वह गिर गया। चीख सुनते ही परिजन छत पर पहुंचे और पानी डालकर उसकी आग बुझाई और उसे इलाज के लिए तुरंत मेडिकल ले गए थे। मेडिकल में भर्ती शनि की शाम 7-20 पर इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस प्रकरण में विवेचना कर रही है।
