पुलिस के अनुसार ग्राम आगरी निवासी फागलाल मसराम उम्र 55 वर्ष अपनी पत्नी जगतीबाई 45 वर्ष व नातिन कोसवी 5 वर्ष को मोटर साइकल में बिठाकर ग्राम मढ़ई गंगापूजन के लिए निकले। शाम 5 बजे के लगभग संगई से जैतपुर कलां की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान पीछे से आए ट्रक क्रमांक एमएच 40 एके 0246 के चालक ने टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर लगते ही मोटर साइकल सहित तीनों सामने की ओर गिरे, जिन्हे कुचलते हुए ट्रक निकल गया। हादसे में फागलाल की मौके पर ही मौत हो गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और एम्बुलेंस से जगतीबाई व कोसवी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां पर जगतीबाई को जांच के बाद डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं नातिन कोसवी की हालत को देखते हुए डाक्टरों ने भरती कर लिया है। कोसवी की हालत भी अत्यंत गंभीर बनी हुई है।