जबलपुर। सिवनी के छपारा में एक खेत में पेड़ काटने को रफा-दफा करने के एवज में अपर कलेक्टर के रीडर ने किसान से तीस हजार रूपयों की रिश्वत मांगी। मंगलवार को 20 हजार की रिश्वत लेते हुए आरोपी रीडर को जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने ट्रेप कर लिया है। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की राशि जब्त कर ली है।
लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले ने बताया कि छपरा के गंगादाना गांव में रहने वाले संतोष सिंह सिसोदिया ने लोकायुक्त को शिकायत की थी कि ग्राम में पैतृक भूमि पर जामुन एवं अन्य वृक्ष लगे हुए थे, जो खसरा के कॉलम में दर्ज थे। अज्ञात व्यक्ति द्वारा कुछ पेड़ काट दिए गए थे, जिसकी सूचना आवेदक द्वारा संबंधित थाने में कर दी थी। विरोधी पक्ष ने इसकी शिकायत एसडीएम कार्यालय लखनादौन में कर दी थी। आवेदक के विरुद्ध निर्णय हुआ था, जिसकी अपील आवेदक द्वारा एडीएम कार्यालय लखनादौन में की थी। कार्यालय में पदस्थ रीडर माधव प्रसाद तिवारी द्वारा आवेदक के पक्ष में निर्णय कराने के लिए 30,000 रुपए की मांग की गई थी। सौदेबाजी में 20,000 रूपये लेने के लिए रीडर तैयार हो गया था। लोकायुक्त ने छापा मारा और मंगलवार को रीडर माधव प्रसाद तिवारी को एडीएम कार्यकाल सिवनी से 20,000 रुपए की रिश्वत लेते हुए उपभोक्ताफॉर्म बिल्डिंग के पोर्च में रंगे हाथों पकड़ा।
’ट्रेप दल सदस्य. टीएलओ निरीक्षक उमा कुशवाह, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया एवम् लोकायुक्त जबलपुर का दल मौजूद था।
