जबलपुर। नगर निगम द्वारा जिला एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत आज बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम अतिक्रमण दस्तादल के सदस्यों द्वारा निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार एवं अपर आयुक्त अरविन्द शाह की उपस्थित में मेडिकल कॉलेज के सामने 1 कि.मी. तक कार्रवाई की जाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त किया गया, जिसकी चहुॅंओर नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है। इस संबंध में निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 10 सालों से मेडिकल कॉलेज मार्ग के दोनो किनारे 150 से अधिक अतिक्रमणकारियों द्वारा अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था को बाधित किया जा रहा था, जिसके कारण मेडिकल कॉलेज आने जाने वालों को कठिनाई हो रही थी। उनकी कठिनाईयों को देखते हुए नगर निगम द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन के सहयोग से आज 1 ही दिन में 150 से अधिक अतिक्रमणों को हटाकर नगर निगम ने एक कीर्तिमान रच दिया है।
निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया कि मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने से अब मेडिकल अस्पताल स्वास्थ्य लाभ लेने पहुॅंचने वाले के साथ-साथ उपचार करने वाले चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ के अलावा शहर के नागरिकों को भी नेताजी सुभाषचन्द्र बोस मेडिकल कॉलेज पहुॅचने के अलावा आगे का रास्ता तय करने वाले लोगों के लिए भी अब राह आसान हो गयी है। कार्रवाई के दौरान नगर निगम, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि शहरहित में तथा नागरिकों के सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था प्रदान करने लगातार कार्य योजना के अनुरूप अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है, जिसके अंतर्गत आज मेडिकल कॉलेज के सामने लगभग 1 कि.मी. में फैले अतिक्रमण को हटाने की बड़ी कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ एक कीर्तिमान स्थापित किया गया है।

