बघेली कलाकार शैलू शर्मा ने पहले माफी मांगी, अब अस्पताल प्रबंधन पर लगाए आरोप, रील बनाने पर मामले ने पकड़ा था तूल
byKhabarAbhiTak-
0
रीवा। एमपी के रीवा स्थित संजय गांधी अस्पताल के आईसीयू के सामने फिल्मी गाने पर डांस कर रील बनाने के मामले में फंसी बघेली कलाकार शैलू शर्मा ने पहले तो माफी मांग ली। अब शैलू ने अस्पताल प्रबंधन पर स्टाफ की अनुपस्थिति और रील बनाने पर रोक का बोर्ड न लगे होने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
बताया गया है कि पांच नवम्बर को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में बघेली कलाकार शैलू शर्मा अस्पताल के आईसीयू के सामने रील बनाते हुए नजर आई। शैलू शर्मा का वीडियो सामने आने पर अस्पताल प्रबंधन ने कार्यवाही की चेतावनी दी थी। इसके बाद 6 नवंबर को शैलू ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा था कि गलती हुई है। आज शैलू शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक और वीडियो जारी कर कहा कि मेरी मां अस्पताल में भर्ती थीं, वो ठीक हो गई थीं और डिस्चार्ज होने वाली थीं। मैंने खुशी में रील बनाई। अस्पताल में कहीं भी यह नहीं लिखा था कि रील बनाना या कैमरा चलाना मना है और उस वक्त कोई स्टाफ मौजूद नहीं था। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से सवाल पूछा कि यदि अस्पताल में रील बनाना प्रतिबंधित है तो इसके लिए स्पष्ट सूचना बोर्ड क्यों नहीं लगाए गए। गौरतलब है कि अस्पताल प्रबंधन ने कहा था कि अस्पताल में डांस या रील बनाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। यहां गंभीर मरीज इलाज के लिए आते हैं, किसी को मनोरंजन का मंच नहीं दिया जा सकता। डॉ त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि इस घटना पर प्रबंधन कार्रवाई पर विचार कर रहा है, क्योंकि अस्पताल का माहौल अनुशासन और सेवा के लिए है, न कि शूटिंग के लिए। हालांकि शैलू शर्मा ने पहले ही अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगी थी, लेकिन उनके नए बयान से मामला फिर विवादों की आग में घिर गया है।