khabar abhi tak

बीजेपी नेता की मधुमक्खियों के हमले से मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम

बिश्रामपुर। मधुमक्खियों के हमले में गंभीर रूप से घायल भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डाक्टर सुशांत विश्वास की उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई। उनकी मौत की खबर से कुमदा कालोनी में मातम पसर गया। वे ग्राम पंचायत गोविंदपुर की उप सरपंच शंपा विश्वास के पति थे।

भाजपा नेता सुशांत विश्वास 45 वर्ष कुमदा कालोनी के ओल्ड डीएमक्यू कालोनी में सपरिवार रहते थे और मेडिकल दुकान का भी संचालन करते थे। शनिवार की दोपहर करीब एक बजे वे कुमदा कालोनी स्थित एक अन्य मेडिकल दुकान से दवा लेकर इलाज करने वीरपुर गांव जाने के लिए निकले थे। उसी दौरान पुराना माइनस कालोनी के समीप स्थित पीपल पेड़ में डेरा जमाए मधुमक्खियों ने उन पर हमला कर दिया। इससे वे बुरी तरह घायल हो गए।

उन्हें बेहोशी की हालत में तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार कर उन्हें मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज ले जाते वक्त रास्ते में उनकी मौत हो गई।

मौत की खबर से पसरा मातम

मौत की खबर सुनते ही भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल समेत तमाम स्थानीय भाजपा नेता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। भाजपा नेता के शव को स्थानीय चिकित्सालय की मर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया गया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद कुमदा कालोनी के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak