हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट:डीलरों की पेंडेंसी पर विभाग की पैनी नजर

 


परिवहन विभाग ने दिखाई सख्ती, बिना नंबर प्लेट आरटीओ में नहीं होंगे कोई काम,जबलपुर में एक्टिव हुईं टीमें

जबलपुर। वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) को लेकर कवायद और तेज की गयी है। सरकार अब इसके लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है।  इसमें बीते छह साल में पंजीकृत वाहनों में एचएसआरपी नंबर प्लेट की जांच और डीलरों की पेंडेंसी की पड़ताल भी की जाएगी। परिवहन कार्यालय जबलपुर द्वारा छूटे हुए वाहनों में नंबर प्लेट लगाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। परिवहन विभाग ने निर्देश जारी कर रिपोर्ट मांगी है।

-जबलपुर में जारी है एक्शन

एक अप्रैल 2019 के बाद के सभी वाहनों में एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाई जाना है। हाल ही सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकारों को इस आशय के आदेश दिए थे। इसके बाद परिवहन विभाग ने सभी आरटीओ को निर्देश जारी कर नंबर प्लेट लगाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जबलपुर में भी वाहन डीलरों के यहां पर परिवहन विभाग की टीमें पहुंचकर पेंडेंसी की जांच कर रही हैं, लेकिन अब इस एक्शन में और तेजी आएगी।वाहन डीलरों के माध्यम से एनआईसी वाहन पोर्टल पर अद्यतन स्थिति दर्ज की जाएगी। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

-काम तभी होंगे, जब नंबर प्लेट होगी

तय किया गया है कि जिन वाहनों में एचएसआरपी नंबर प्लेट नहीं होगी, उन वाहनों के परिवहन कार्यालय में कार्य नहीं होंगे। एचएसआरपी नहीं होने पर पीयूसी प्रमाण पत्र भी नहीं बनेगा। इसके अलावा आरसी, पता बदलना, आरसी विवरण देखना, स्वामित्व बदलना, नवीन और डुप्लीकेट परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं जारी होंगे। परिवहन विभाग की सेवाओं की जानकारी के लिए एचएसआरपी नंबर प्लेट आवश्यक होगी।

-वर्जन

-हम सतत जांच कर रहे

हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेकर हम पहले से ही बेहद गंभीरता से काम कर रहे हैं। अब निर्देश आने के बाद इसे और तेज किया जाएगा। वाहन डीलरों पर शिकंजा कसा जाएगा।

जितेंद्र रघुवंशी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, जबलपुर

Post a Comment

Previous Post Next Post