रेलवे स्टेशन हाई अलर्ट पर, GRP-RPF ने की घेराबंदी, यात्रियों के सामान की गहन चेकिंग

 

जबलपुर। रक्षाबंधन-स्वतंत्रता दिवस को दृष्टिगत रखते हुए जबलपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) व रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मिलकर एक विशेष जांच अभियान शुरू किया है। 
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य आपराधिक गतिविधियों को रोकना व यात्रियों को संभावित खतरों के प्रति जागरूक करना है। यह विशेष अभियान 15 अगस्त के बाद तक जारी रहेगा। त्यौहारों के कारण स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। इससे सुरक्षा संबंधी चुनौतियां भी बढ़ जाती हैं। अभियान के तहत सुरक्षा बल आने-जाने वाले यात्रियों के सामान की गहन जांच कर रहे हैं। यह जांच इसलिए की जा रही है ताकि कोई भी संदिग्ध वस्तु या अवैध सामग्री स्टेशन में प्रवेश न कर सके। सुरक्षाकर्मी यात्रियों को उनके सामान की सुरक्षा के प्रति भी जागरूक कर रहे हैं। देखा जाता है कि यात्री फोन चार्ज करते समय सो जाते हैं। इससे उनके मोबाइल या अन्य सामान की चोरी हो जाती है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिएए स्टाफ लगातार गश्त पर है। इसके अलावा यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे बाहरी लोगों से खाने-पीने की चीजें न लें। साथ ही अपने सामान की स्वयं देखभाल करें।


Post a Comment

Previous Post Next Post