मुरैना. मध्य प्रदेश के मुरैना में ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका 16 वर्षीय दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की सिंगल बस्ती के पास तीसरी नई रेलवे लाइन पर हुआ। घायल को ग्वालियर रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
मृतकों की पहचान उत्तमपुरा की गनपत गली निवासी 18 वर्षीय आदित्य उर्फ छोटू पारा और 20 वर्षीय देव पहाड़िया के रूप में हुई है। घायल 16 वर्षीय अमन उर्फ खोया रामपुरे भी उत्तमपुरा का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, तीनों दोस्त रात को खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। इसी दौरान वे रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गए। आदित्य और देव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची स्टेशन रोड थाना पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। मंगलवार को दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए गए।
थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों और युवकों के रेलवे ट्रैक पर मौजूद होने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ट्रैक पर अक्सर लोग नशा करने के लिए बैठते हैं।
