जबलपुर। शहर में दीपावली त्योहार की सफाई के चलते घरों से निकलने वाले कचरे में अचानक 100 टन प्रतिदिन की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। नगर निगम के स्वास्थ्य अमले के पास इस अतिरिक्त भार को समय पर उठाने के ठोस साधन मौजूद नहीं हैं। घरों से कचरा एकत्र करने वाले वाहन नियमित फेरे नहीं लगा पा रहे हैं। नतीजतन सड़कों, नालियों और अस्थायी डंपिंग प्वाइंट्स पर गंदगी के विशाल अंबार लग गए हैं। सफाई व्यवस्था संभालने के लिए 1 नवंबर यानी मध्य प्रदेश स्थापना दिवस से लागू होने वाली 15 नई सफाई एजेंसियों की कार्य योजना भी मेयर इन काउंसिल की बैठक में फैसला न होने से अटक गई है। स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा ने स्वीकार किया है कि त्योहार के कारण कचरा बढ़ा है और अब नई व्यवस्था पर्व के बाद ही शुरू होगी।
अधर में लटकी पंद्रह सफाई एजेंसियों की नई व्यवस्था
सफाई तंत्र को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने शहर को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर काम कराने का खाका तैयार किया था। योजना के अनुसार वर्तमान 4 एजेंसियों के स्थान पर 15 नई एजेंसियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का जिम्मा सौंपा जाना था। दावा था कि छोटे-छोटे क्षेत्रों में बांटने से निगरानी आसान होगी और कचरा उठाने में तेजी आएगी। हालांकि मेयर इन काउंसिल यानी एमआईसी की औपचारिक बैठक में ग्रुप आवंटन के प्रस्ताव पर अंतिम सहमति नहीं बन पाई। प्रशासकीय स्तर पर मंजूरी न मिलने के कारण 1 नवंबर की तय समय-सीमा बीत गई। इस प्रशासनिक हीलाहवाली की वजह से पूरी सफाई व्यवस्था पुराने और लड़खड़ाते ढर्रे पर ही संचालित हो रही है। शहर में नई व्यवस्था के क्रियान्वयन की उम्मीद अब पूरी तरह त्योहार बीतने पर टिकी है।
450 टन से बढ़कर आंकड़ा पहुंचा 550 टन
सामान्य दिनों में पूरे शहर से रोजाना 400 से 450 टन कचरा निकलता है, लेकिन त्योहार की रंगाई-पुताई और गहरी सफाई के चलते यह मात्रा बढ़कर 550 टन से अधिक हो चुकी है। नगर निगम के स्वास्थ्य अमले में 3500 से अधिक नियमित, संविदा और आउटसोर्स सफाई कर्मचारी तैनात हैं, फिर भी सुबह कचरा उठ नहीं पा रहा। कांचघर रोड स्थित शराब दुकान के सामने, इंदिरा मार्केट स्टेशन रोड, जिला पंचायत कार्यालय के पास और आधारताल रद्दी चौकी सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों पर दोपहर और शाम तक कचरा फैला रहता है। जब स्थिति बेहद बिगड़ जाती है तब निगम की जेसीबी और डंपर वाहन मौके पर पहुंचते हैं। फिर भारी मशीनों की मदद से कचरा भरकर ले जाया जाता है।
कठौंदा प्लांट में 11.5 मेगावाट बन रही बिजली
शहर के विभिन्न वार्डों और डंपिंग प्वाइंट्स से उठाए गए सूखे और गीले कचरे का अंतिम निष्पादन कठौंदा स्थित वेस्ट टू एनर्जी प्लांट में किया जा रहा है। वर्तमान में पर्याप्त मात्रा में इनपुट मिलने के कारण यह प्लांट अपनी पूरी स्थापित क्षमता के साथ काम कर रहा है। प्लांट में कचरे को प्रसंस्कृत करके प्रतिदिन 11.5 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है, जिसे सीधे ग्रिड को बेचा जाता है। एक तरफ प्रोसेसिंग प्लांट अपनी पूरी क्षमता पर उत्पादन कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ जमीनी स्तर पर सड़कों से नियमित कचरा उठाने और परिवहन करने का नेटवर्क पूरी तरह चरमराया हुआ है।
