शैक्षणिक गुणवत्ता और विभागीय योजनाओं की संयुक्त संचालक ने की समीक्षा, प्राचार्यों को दिए आवश्यक निर्देश
जबलपुर/सिवनी। संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, जबलपुर संभाग घनश्याम सोनी ने मंगलवार को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, सिवनी में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में सिवनी, बरघाट और केवलारी विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं समस्त प्राचार्य उपस्थित रहे।
बैठक में श्री सोनी ने विभागीय योजनाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यालयों में संचालित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने विद्यार्थियों के नामांकन, परीक्षा परिणामों में सुधार और आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने साइकिल एवं निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों, पात्र विद्यार्थियों को लैपटॉप एवं स्कूटी वितरण, पाठ्यक्रम की पूर्णता और विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने की प्रगति की समीक्षा की। इसके अलावा यू-डाइस के कार्यों और विद्यालयों में ड्रॉपआउट की स्थिति पर भी चर्चा की गई।
संयुक्त संचालक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यार्थी का व्यवस्थित अकादमिक रिकॉर्ड संधारित किया जाए। यह रिकॉर्ड केवल प्राचार्य या कक्षा शिक्षक तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित विद्यार्थी की शैक्षणिक प्रगति और विषयवार जानकारी प्रत्येक विषय शिक्षक के पास भी उपलब्ध होनी चाहिए। इसके लिए सभी विद्यालयों में डेटा रजिस्टर तैयार करने पर जोर दिया गया।
श्री सोनी ने न्यायालयीन प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण करने तथा विभागीय कार्यों में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में उपलब्ध इंटरैक्टिव पैनल और आईटी लैब का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि तकनीक के माध्यम से शिक्षण की गुणवत्ता बेहतर बनाई जा सके।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की प्राथमिकता विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम हासिल करना है। इसके लिए सभी अधिकारी और प्राचार्य अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचाएं।
बैठक में जिला एवं विकासखंड स्तर के समग्र शिक्षा अभियान के संबंधित अधिकारी, एडीपीसी, एपीसी, सहायक संचालक, तीनों विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं प्राचार्य उपस्थित रहे।
