प्राप्त जानकारी के अनुसार, चैतन्य सिटी फेस-1 निवासी सुमन कुमार सिन्हा उम्र 38 वर्ष बिजली विभाग में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। वे 11 नवंबर को परिवार सहित कार से छठ पूजा के लिए अपने गृह निवास बिहार गए थे। 14 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे पड़ोसी संतोष कुमार ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि उनके घर की बाउंड्री वॉल का लोहे का गेट खुला है और उस पर ताला नहीं लगा है। साथ ही मुख्य दरवाजे का ताला भी नहीं मिला। सुमन कुमार परिवार के साथ जबलपुर लौटे और घर के भीतर जाकर देखा, तो होश उड़ गए। कमरे की दीवार में बनी कबर्ड अलमारी के लॉक टूटे हुए थे और सामान अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था। दूसरे कमरे की अलमारी में रखे बच्चों के दो गुल्लक भी टूटे मिले। जांच करने पर पता चला कि चोर घर से सोने के एक जोड़ी टॉप्स, एक लॉकेट, बेंदी, नथनी, तीन लोंग, दो अंगूठी, हनुमानजी और दुर्गाजी के लॉकेट, ढोलना सहित चांदी की एक कटोरी, चार जोड़ी पायल, तीन जोड़ी बिछिया, 18 सिक्के और गुल्लकों में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद चुरा ले गए हैं। 18 नवंबर की रात दर्ज रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur