khabar abhi tak

ऊर्जा मंत्री ने बिजली कंपनी की पत्रिका के हिंदी-अंग्रेजी संस्करण और ‘वेतन मित्र’ का किया विमोचन

जबलपुर/भोपाल. ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार को मंत्रालय में मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड की कॉर्पोरेट पत्रिका ‘विद्युत ब्रह्मेति’ के अक्टूबर 2026 के हिंदी एवं अंग्रेजी संस्करणों का विमोचन किया। इस अवसर पर कंपनी की संदर्भ पुस्तिका ‘वेतन मित्र’ का भी लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह और सचिव विशेष गढ़पाले उपस्थित रहे।

‘विद्युत ब्रह्मेति’ के माध्यम से कंपनी की उपलब्धियों, तकनीकी नवाचारों, उपभोक्ता सेवाओं, विभागीय गतिविधियों और महत्वपूर्ण पहलों को प्रस्तुत किया जाता है। पत्रिका का अंग्रेजी संस्करण शुरू करने का उद्देश्य कंपनी की उपलब्धियों और बेहतर कार्यप्रणालियों को देशभर की विद्युत वितरण कंपनियों, पावर यूटिलिटीज और राष्ट्रीय स्तर के पाठकों तक पहुंचाना है। इससे कंपनी की पहचान और ब्रांड छवि को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती मिलेगी।

वहीं, ‘वेतन मित्र’ में वर्ष 1984 से अब तक वेतन एवं भत्तों से संबंधित महत्वपूर्ण परिपत्रों का संकलन किया गया है। यह पुस्तिका वर्तमान और सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए संदर्भ दस्तावेज के रूप में उपयोगी होगी। इसके जरिए वेतन-भत्तों से जुड़े प्रावधानों और पुराने आदेशों की जानकारी एक ही स्थान पर मिल सकेगी।

कंपनी ने संस्थागत ज्ञान के संरक्षण और कर्मचारियों को जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पहले भी ‘स्थापना मित्र’ के दो भाग, ‘पेंशन मित्र’ और ‘नीति मित्र’ प्रकाशित किए हैं। इसी कड़ी में ‘वेतन मित्र’ का प्रकाशन किया गया है। यह पहल कंपनी के दस्तावेजीकरण और कर्मचारी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी घनश्याम प्रसाद पाण्डेय भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak