khabar abhi tak

एमपी में दर्दनाक घटना : मां-पत्नी और दो बच्चों की हत्या की, फिर खुद ट्रेन के सामने कूदकर किया सुसाइड

भोपाल. राजधानी भोपाल को झकझोर देने वाली एक भयावह घटना में 35 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने घर पर मां, पत्नी और दो नाबालिग बच्चों की हत्या कर दी। इसके बाद उसने चलती ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की शुरुआती जांच में सोमवार को यह जानकारी सामने आई।

भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में सोमवार 2 नवम्बर को एक दुखद घटना सामने आई। शुरुआत में इसे सामूहिक आत्महत्या का मामला माना जा रहा था लेकिन शुरुआती जांच के बाद मामला कुछ अलग ही निकला। जांच से पता चला कि नरेंद्र साहू ने कथित तौर पर अपने परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर दी और फिर खुद भी जान दे दी। भोपाल में गौर मैरिज गार्डन इलाके के पास एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में परिवार के चार सदस्यों के शव मिले। उनके गले कटे हुए थे।

बाद में, सुखिया सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां इलाके में एक रेलवे ट्रैक से नरेंद्र साहू का शव बरामद किया गया। मौके से अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू की मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नरेंद्र साहू ने कथित तौर पर अपने परिवार के चार सदस्यों की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। मौत के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। मौत का सही कारण जानने के लिए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक पूरे मामले की जांच चल रही है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम का सही पता चल सकेगा। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन हत्याओं के पीछे क्या मकसद था और किन परिस्थितियों में नरेंद्र साहू की मौत हुई। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak