01 से 30 नवंबर तक मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर आयोजित किए जा रहे हैं शिविर
जबलपुर। रेल पेंशनर्स को पेंशन संबंधी प्रक्रियाओं में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जबलपुर रेल मंडल द्वारा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को जबलपुर के उमंग रेल सामुदायिक भवन में शिविर लगाया गया, जिसमें 135 पेंशनर्स के डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाए गए। इसके साथ ही केंद्रीय चिकित्सालय की टीम ने पेंशनर्स का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वरुण चतुर्वेदी एवं सहायक कार्मिक अधिकारी (कल्याण) सचि पति नंदन के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पेंशनर्स ने भाग लिया। शिविर का उद्देश्य डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने की प्रक्रिया को सरल बनाना और पेंशनर्स को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना था।
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने के लिए कल्याण निरीक्षक, सेटलमेंट अनुभाग के कर्मचारियों और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की टीम ने सहयोग किया। वहीं, केंद्रीय चिकित्सालय के चिकित्सकों ने पेंशनर्स का स्वास्थ्य परीक्षण किया।इस अवसर पर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी नवीन लिटोरिया, केजी गोस्वामी एवं तेजिंदर सिंह भी उपस्थित रहे। जबलपुर के अलावा मंडल के सात अन्य प्रमुख रेलवे स्टेशनों पिपरिया, नरसिंहपुर, कटनी, दमोह, सागर, सतना और ब्यौहारी में भी शिविर आयोजित किए गए हैं। इनके माध्यम से संबंधित क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनर्स को नजदीकी स्टेशन पर ही डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने की सुविधा मिल रही है।
रेल मंडल के अनुसार, ये शिविर 1 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक पेंशनर्स को सुविधा उपलब्ध कराना और उन्हें पेंशन संबंधी औपचारिकताओं के लिए अनावश्यक परेशानी से बचाना है।

