khabar abhi tak

आगजनी और हादसों से बचाव को तैयार, हर तरफ पुख्ता बंदोबस्त



जबलपुर
। दीपावली पर्व पर जनसुरक्षा और आगजनी से बचाव के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस ने कड़े प्रबंध किए हैं। शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए मार्ग परिवर्तन लागू किया गया है। नगर निगम ने आपात स्थिति से निपटने के लिए 12 दमकल वाहन संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात किए हैं। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने केवल चिन्हित खुले मैदानों में ही पटाखा दुकानें संचालित करने का आदेश जारी किया है। महापौर जगत बहादुर अन्नू के अनुसार नगर निगम का अमला पूरी तरह मुस्तैद है और अग्निशमन कर्मियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। अस्पतालों में आपातकालीन बर्न वार्ड तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

​पटाखा दुकानों पर अग्निशमन संसाधन रखना बेहद जरूरी

​कंठौदा पटाखा बाजार में पुलिस, प्रशासन और निगम अमले की संयुक्त टीम सतत निगरानी कर रही है। गोरखपुर, आधारताल और रांझी के बाजारों में भी दमकल और एंबुलेंस की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। कलेक्टर के निर्देशानुसार प्रत्येक पटाखा स्टॉल पर 2-2 रेत भरी बाल्टियां और 5-5 लीटर क्षमता वाले पानी अथवा फोम युक्त अग्निशामक यंत्र रखना अनिवार्य है। विक्रेताओं को स्टॉलों के मध्य पर्याप्त अंतर रखने तथा आपातकालीन निकास मार्ग को खुला छोड़ने का नियम लागू किया गया है। मानक पूरे न करने वाली दुकानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

​अस्पतालों में विशेष चिकित्सा प्रबंध और बाजार में निगरानी

​शासकीय नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल विक्टोरिया और निजी आरोग्य केंद्रों में जले हुए मरीजों के त्वरित उपचार के लिए बर्न यूनिट सक्रिय कर दी गई हैं। आपात स्थिति को देखते हुए प्लास्टिक सर्जन और नेत्र रोग विशेषज्ञों की ऑन-कॉल ड्यूटी तय की गई है। एंबुलेंस चालकों को 24 घंटे सतर्क रहने को कहा गया है। बड़ा फुहारा, गंजीपुरा, सुपर मार्केट और सदर जैसे व्यस्त व्यापारिक इलाकों में वाहनों का दबाव नियंत्रित करने के लिए वैकल्पिक पार्किंग बनाई गई है। संवेदनशील तिराहों-चौराहों पर लगे तीसरी आंख यानी कैमरों से सतत मॉनिटरिंग जारी है, जबकि असामाजिक तत्वों पर निगाह रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस बल तैनात किया गया है। नगर निगम का दमकल दस्ता चौबीसों घंटे सायरन बजाकर किसी भी कोने में तुरंत पहुंचने के लिए तैयार खड़ा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak