khabar abhi tak

आरपीएफ की कार्रवाई: नाबालिग बालिका को संरक्षण, गुमशुदा युवती को परिजनों से मिलाया, चोरी का आईफोन बरामद

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने 26 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में नाबालिग बालिका और गुमशुदा युवती को सुरक्षित संरक्षण दिलाने के साथ चोरी का महंगा मोबाइल भी बरामद किया है। ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत दमोह स्टेशन पर मिली नाबालिग बालिका को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया गया, जबकि ‘ऑपरेशन डिग्निटी’ के तहत ब्योहारी स्टेशन से मिली गुमशुदा युवती को परिजनों तक पहुंचाया गया। वहीं, ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत संयुक्त कार्रवाई में 1.30 लाख रुपये कीमत का आईफोन बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

नाबालिग बालिका को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया

26 अक्टूबर को दमोह रेलवे स्टेशन पर ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत आरपीएफ को करीब 17 वर्षीय नाबालिग बालिका असुरक्षित अवस्था में मिली। उसे आरपीएफ आउट पोस्ट लाकर आवश्यक पूछताछ और प्रारंभिक कार्रवाई की गई। इसके बाद जिला अस्पताल में उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को बाल कल्याण समिति, दमोह के प्रतिनिधि दीपक कुमार तिवारी के सुपुर्द कर दिया गया। उसके पिता उमेश बर्मन को भी कार्रवाई की सूचना दी गई।

गुमशुदा युवती को परिजनों से मिलाया

इसी दिन रेल मदद पर मिली शिकायत के आधार पर आरपीएफ ने ब्योहारी रेलवे स्टेशन पर गुमशुदा युवती की तलाश की। आरक्षक रविंद्र कुमार भारद्वाज और प्रधान आरक्षक रविंद्र कुमार सिंह ने युवती रूबी गुप्ता को खोजकर आरपीएफ आउट पोस्ट पहुंचाया। पहचान और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सहायक उप निरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने युवती को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया।

1.30 लाख का आईफोन बरामद, आरोपी जीआरपी को सौंपा

28 अक्टूबर को अपराध गुप्तचर शाखा जबलपुर, आरपीएफ पोस्ट कटनी और जीआरपी कटनी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय रचित निषाद को आईफोन 16 प्रो के साथ पकड़ा। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत 1.30 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी कटनी के सुपुर्द किया गया। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 1417/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305(बी) में प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच में आरोपी के खिलाफ चोरी और अन्य अपराधों के पांच पुराने प्रकरण कोतवाली कटनी और जीआरपी कटनी में दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

सुरक्षा के लिए 139 पर सूचना देने की अपील

रेल प्रशासन के अनुसार, जबलपुर मंडल में आरपीएफ यात्रियों की सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि रेलवे परिसर या ट्रेन में किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या की सूचना तत्काल आरपीएफ या रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak