जबलपुर। संस्कारधानी में कल 22 नवंबर से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत होने जा रही है। इस महाअभियान के तहत जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 3 लाख 89 हजार 8 सौ 73 नौनिहालों को जीवन रक्षक खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने जिला चिकित्सालय स्थित जिला नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस महत्वपूर्ण कार्य में कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता भी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। प्रशासन ने सभी जागरूक अभिभावकों से अपील की है कि वे अभियान के पहले दिन अपने बच्चों को नजदीकी केंद्र पर ले जाकर दवा जरूर पिलाएं।
हर गली और मोहल्ले में तैनात रहेंगे दल
जिले भर में इस अभियान को सफल बनाने के लिए 2466 बूथ तैयार किए गए हैं, जहां 4932 कर्मचारी, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता वैक्सीनेटर की भूमिका निभाएंगे। शहरी क्षेत्रों के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों के अलावा प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों और ईंट भट्टा इलाकों में दवा पिलाने के लिए 33 मोबाइल टीम बनाई गई हैं। सफर के दौरान कोई बच्चा न छूटे, इसके लिए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शहर से गुजरने वाली ट्रेनों में भी स्वास्थ्य दल तैनात रहेंगे। पूरी व्यवस्था की सख्त निगरानी के लिए 110 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।
