khabar abhi tak

चक्रवाती तूफान अकवान के असर से बदला जबलपुर का मौसम, बादल छाए, बूंदाबांदी से बढ़ी ठंड

जबलपुर। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से शनिवार सुबह जबलपुर सहित महाकौशल अंचल के मौसम में बदलाव देखने को मिला। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके चलते तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच ठंड का अहसास बढ़ गया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, बादल छंटने के बाद तापमान में और गिरावट आने तथा ठंड बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, जबलपुर सहित संभाग के कई जिलों में 21 और 22 नवंबर को बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश होने के आसार हैं। शुक्रवार 20 नवंबर को शहर का न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को यह 9.8 डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम में बदलाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन और कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है।

हवा में नमी बढ़ी, तापमान में उतार-चढ़ाव

शहर में ठंड के बीच हवा में नमी की मात्रा भी बढ़ रही है। शुक्रवार सुबह आर्द्रता 81 प्रतिशत दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री कम बना हुआ है। गुरुवार की रात इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया था। इसके चलते सुबह और देर रात ठिठुरन महसूस की गई। पिछले साल 21 नवंबर को शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak