khabar abhi tak

मृत मतदाताओं के नाम काटने से पहले जुटाने होंगे ठोस दस्तावेज



जबलपुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सामान्य निर्वाचन जबलपुर ने आगामी निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस से प्राप्त दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने की अपील की है। इस अभियान के अंतर्गत 21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर को जिले के समस्त मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। बूथ लेवल अधिकारी और बूथ लेवल एजेंट आपसी समन्वय स्थापित कर छूटे हुए पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की प्रक्रिया को सुनिश्चित कर रहे हैं।

​शिक्षण संस्थानों में लगेंगे नए युवाओं के लिए कैंप

​निर्वाचन कार्य को गति देने के लिए 18 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के नवीन मतदाताओं के नाम जोड़ने हेतु स्कूल तथा महाविद्यालयों में भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य है कि कोई भी पात्र युवा नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। इसके साथ ही एएसडीआर सूची से मिलान करके छूटे हुए अन्य पात्र व्यक्तियों के नाम शामिल करने की कार्रवाई भी प्राथमिकता से की जाएगी।

​एक घर में 10 से अधिक नामों की जांच

​जिला प्रशासन ने निर्देश दिया है कि यदि किसी एक ही गृह संख्या में 10 से अधिक मतदाताओं के नाम दर्ज पाए जाते हैं, तो बीएलओ द्वारा उसका भौतिक सत्यापन कर गृह संख्या को तुरंत दुरुस्त किया जाए। इसके अतिरिक्त 100 वर्ष से अधिक आयु वाले बुजुर्ग मतदाताओं की पहचान कर उनकी वास्तविक और सही आयु दर्ज करने को कहा गया है। मृत हो चुके मतदाताओं के नाम सूची से विलोपित करने से पूर्व नियमानुसार आवश्यक अभिलेख प्राप्त करने की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी करनी होगी। पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त होने वाले समस्त दावे-आपत्तियों की सूची अर्थात प्ररूप-9, 10, 11, 11क एवं 11ख को साप्ताहिक तौर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर पारदर्शिता के साथ साझा किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak