खेत में लाइन जोड़ते समय करंट की चपेट में आए किसान, तार टूटकर गिरा, अस्पताल ले जाते वक्त तोड़ा दम
byKhabarAbhiTak-
0
जबलपुर। मझगवां थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव में दोपहर के समय एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय किसान की जान चली गई। खेत में काम करते हुए बिजली का तार जोडऩे की कोशिश के दौरान अचानक तार टूटकर उन पर गिर गया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक पड़रिया गांव निवासी रामगोपाल उम्र 35 वर्ष पिता स्वर्गीय पंचम लाल दहायत, दोपहर करीब ढाई बजे अपने खेत पर मौजूद थे। इसी दौरान वे खेत की बिजली लाइन जोडऩे का काम कर रहे थे। तभी अचानक बिजली का तार टूटकर उनके ऊपर आ गिरा और उन्हें तेज करंट लग गया। करंट की चपेट में आते ही रामगोपाल अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने यह दृश्य देखा तो तुरंत शोर मचाया और मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार के लोग बदहवास हालत में खेत पहुंचे। परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए सिहोरा के शासकीय सिविल अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।