जबलपुर। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के कड़े निर्देशों का पालन करते हुए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने नरसिंहपुर जिले में अति उच्च दाब की बिजली लाइनों के नीचे हुए अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त मुहिम छेड़ दी है। कंपनी के अधीक्षण अभियंता आर.एस. पांडे और कार्यपालन अभियंता ए.पी.एस. चौहान के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई के दौरान अब तक 51 बेहद असुरक्षित निर्माण चिन्हित किए गए हैं। अदालत ने भी प्रतिबंधित सुरक्षा क्षेत्र में निर्माण होने देने पर संबंधित सरकारी एजेंसियों की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। सहायक अभियंता आशीष कुमार और नरसिंहपुर टीएलएम की टीम ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर इन सभी भवन मालिकों को नोटिस जारी कर दिए हैं। इन लाइनों में घरेलू बिजली के मुकाबले 600 से 950 गुना अधिक वोल्टेज प्रवाहित होता है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
इन 12 इलाकों के मकानों को मिला नोटिस
कंपनी की जांच में 132 केवी नरसिंहपुर-श्रीनगर, नरसिंहपुर इंटरकनेक्टर, नरसिंहपुर-बरमान और नरसिंहपुर-गाडरवारा लाइनों के आसपास ये खतरे पाए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 15 निर्माण यादव कॉलोनी और 13 निर्माण वर्धमान सिटी में मिले हैं। इसके अलावा गोकुल नगर में 6, सिमरिया रोड पर 4 और तिदनी रोड पर 3 मकान चिन्हित हुए हैं। अवंती नगर, झरना रोड और करेली के कोदसा क्षेत्र में 2-2 निर्माण मिले हैं। वहीं प्रताप नगर, गंगानगर, देवकछार रोड और कुंडी इलाके में 1-1 निर्माण पाया गया है। इन सभी लोगों को अपने निर्माण स्वयं हटाने की चेतावनी दी गई है।
तारों से सुरक्षित दूरी रखना बेहद जरूरी
केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण के नियमों के मुताबिक 132 केवी लाइन के दोनों तरफ 27 मीटर और 220 केवी लाइन के दोनों ओर 35 मीटर तक किसी भी तरह का निर्माण पूरी तरह वर्जित है। इन तारों के ज्यादा करीब जाने या संपर्क में आने से व्यक्ति की जान जा सकती है। लोगों को इस खतरे से बचाने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम और व्यक्तिगत संपर्क के जरिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे भविष्य में सुरक्षा दायरे के भीतर कोई भी निर्माण कार्य न करें और जारी किए गए नोटिसों का तुरंत पालन कर संभावित दुर्घटनाओं से अपना बचाव करें।

