khabar abhi tak

टीआई की मौत पर शोक, परिवार को एक करोड़ की सहायता और पत्नी को एसआई पद पर नियुक्ति

भोपाल। देवास जिले के खातेगांव में शराब तस्करों के ट्रक की चपेट में आने से थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत के बाद उनके पैतृक गांव बरमंड में शोक का माहौल है। गांव में जन्मे दिलीप पुरी ने यहीं से प्राथमिक शिक्षा हासिल की थी। हायर सेकंडरी तक पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने उच्च शिक्षा प्राप्त की और वर्ष 2007 में पुलिस विभाग में चयनित हुए। ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिस सेवा में आने से पहले उन्होंने स्कूल में बच्चों को पढ़ाने का काम भी किया था।

टीआई की मौत पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक जताते हुए उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और पत्नी को उपनिरीक्षक (एसआई) के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने की घोषणा की है। घटना की जांच के लिए स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल रवाना किया गया है। मुख्यमंत्री ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी शराब तस्करी में इस्तेमाल हो रहे ट्रक को रोकने पहुंचे थे। उन्होंने ट्रक चालक से नीचे उतरने को कहा, लेकिन चालक ने वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया। इसकी चपेट में आने से टीआई की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। पुलिस महकमे में शोक की लहर है। खातेगांव थाने में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी।

सीएम ने जताया दुख, जांच के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी कर कहा कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी का निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है। घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत टीआई की पत्नी को एसआई पद पर अनुकंपा नियुक्ति और परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

दोषियों को नहीं बख्शने का आश्वासन

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी टीआई दिलीप पुरी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि दिलीप पुरी ने पूरी निष्ठा, बहादुरी और समर्पण के साथ पुलिस सेवा में अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। उन्होंने देवास कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से चर्चा कर घटना की जानकारी ली है। मामले की गहन जांच की जा रही है। देवड़ा ने आश्वस्त किया कि घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak