सागर। सागर, बीना, मालखेड़ी, दमोह और कटनी सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन संचालित होगी। इससे सागर सहित पूरे क्षेत्र की दिल्ली और छत्तीसगढ़ से रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी। ट्रेन के फेरे बढ़ने से व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को आवागमन का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
सांसद लता वानखेड़े के प्रयास रंग लाए
सांसद लता वानखेड़े ने बताया कि रेलवे की महत्वपूर्ण बैठकों में इस मांग को प्रमुखता से उठाने और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से लगातार आग्रह करने के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। गाड़ी संख्या 22407/22408 (अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस) का संचालन अब सप्ताह में दो दिन किया जाएगा।
नई समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 22408 प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होकर अगले दिन सोमवार और बुधवार को सुबह 8:33 बजे सागर पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 22407 प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को शाम 6 बजे सागर से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:25 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
व्यापारियों और विद्यार्थियों को होगा फायदा
ट्रेन के फेरे बढ़ने से दिल्ली आने-जाने वाले व्यापारियों को खास राहत मिलेगी। अब तक वापसी के लिए शाम की ट्रेन पकड़ने के कारण व्यापारियों को अपना कामकाज समय से पहले समेटना पड़ता था। रात 11 बजे ट्रेन उपलब्ध होने से वे दिनभर अपना काम निपटाकर यात्रा कर सकेंगे। इससे समय के साथ होटल में ठहरने का खर्च भी बचेगा। विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को भी आवागमन के लिए एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। सांसद लता वानखेड़े ने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता की मांगों को सदन से लेकर धरातल तक साकार करना ही उनका संकल्प है।
