जबलपुर। बेलखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बस स्टैंड परिसर उस वक्त थर्रा उठा, जब एल्युमिनियम और प्लाईबोर्ड की दो दुकानों के बीच ग्राहकों को खींचने की वर्चस्व की जंग खूनी संघर्ष में बदल गई। मामूली बात से शुरू हुआ विवाद चंद मिनटों में इतना उग्र हो गया कि दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे की जान के प्यासे बन गए। इस सनसनीखेज वारदात में सरेआम कुल्हाड़ी, बसूला और राइजर पाइप चले, जिससे दोनों पक्षों के लोग लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे इलाके में भारी दहशत और सनसनी फैल गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बेलखेड़ा बस स्टैंड पर राजू विश्वकर्मा 60 वर्ष और अनिल विश्वकर्मा (27 वर्ष) आमने-सामने एल्युमिनियम का कारोबार करते हैं। अनिल की दुकान पर ग्राहकों की भीड़ ज्यादा आती थी, जिससे राजू आगबबूला हो रहा था। बीती शाम 7 बजेदोनों पक्षों के बीच ग्राहकों को अपनी दुकान पर बुलाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच टकराव हो गया, जिसमें दोनों पक्षों के लोग आमने सामने हो गए और एक दूसरे पर घातक हथियारों हमला शुरु कर दिया। हमले में दोनों पक्षों के लोगों के शरीर पर गंभीर चोटें आईञ बाजार में हुए खूनी संघर्ष को देख खरीददारी करने आए ग्राहकों में चीख पुकार व अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मामले में दोनों ही पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। वहीं हमले में घायल लोगों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया।
पहला पक्ष-
राजू विश्वकर्मा ने पुलिस को बताया कि जब वह अपनी दुकान पर था, तभी अनिल विश्वकर्मा और शुभम विश्वकर्मा वहां आ धमके। जिन्होने गालियां देते हुए राजू के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उसके बेटे शिवम और राहुल पर भी हमलावरों वार किया।
दूसरा पक्ष-
दूसरे पक्ष के अनिल विश्वकर्मा ने भी आरोप लगाते हुए बताया कि ग्राहक ज्यादा आने की रंजिश के चलते राजू विश्वकर्मा, शिवम विश्वकर्मा और राहुल उर्फ गोलू ने उसकी दुकान पर धावा बोल दिया। विरोध करने पर शिवम विश्वकर्मा ने बसूले से उसके सिर पर घातक वार कर लहूलुहान कर दिया, जबकि गोलू ने राइजर पाइप से उसके हाथ, पैर और पीठ पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। सरेआम चले इन हथियारों से पूरा बस स्टैंड में हड़कम्प मचा रहा।