जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने राजगढ़ जिले के 132 केवी सुठालिया सबस्टेशन में दो नए 132 केवी फीडर बे स्थापित कर सफलतापूर्वक चालू कर दिए हैं। मुख्य अभियंता अति उच्च दाब निर्माण एस.के. दुबे के अनुसार इस व्यवस्था के तहत 132 केवी ब्यावरा और मधुसूदनगढ़ ट्रांसमिशन लाइनों को लाइन इन लाइन आउट प्रणाली से सीधे सुठालिया केंद्र से जोड़ दिया गया है। मुंबई की मेसर्स विक्रान कंपनी ने 15.67 करोड़ रुपये की लागत से टर्नकी पद्धति पर यह तकनीकी कार्य संपन्न किया है। इस रणनीतिक विस्तार से स्थानीय उपभोक्ताओं को बिना रुकावट बिजली मिलेगी और पूरे जिले का पारेषण तंत्र पहले से कहीं अधिक भरोसेमंद स्थिति में आ जाएगा।
11.34 किलोमीटर नई लाइन पर 37 टावर खड़े
इस अधोसंरचना निर्माण में सुठालिया से ब्यावरा और मधुसूदनगढ़ के मध्य डबल सर्किट डबल स्ट्रिंगिंग प्रकार की कुल 11.34 सर्किट किलोमीटर ट्रांसमिशन लाइन बिछाई गई है। मजबूत संचरण ढांचा तैयार करने के उद्देश्य से पूरे मार्ग में 37 विशालकाय टावर खड़े किए गए हैं। नया बुनियादी ढांचा स्थापित होने से तकनीकी गड़बड़ी या आपातकालीन फॉल्ट की स्थिति में वैकल्पिक फीडर से तुरंत बिजली चालू रखने की सुविधा मिल गई है।
नरसिंहगढ़ उन्नयन से 400 केवी सुजालपुर ग्रिड जुड़ेगा
आगामी योजना के तहत नरसिंहगढ़ सबस्टेशन की क्षमता में वृद्धि की जा रही है। यह अपग्रेडेशन पूरा होते ही सुठालिया अंचल को 400 केवी पावर ग्रिड सुजालपुर से सीधे बिजली प्राप्त करने का एक और समानांतर जरिया हासिल हो जाएगा। इस भावी नेटवर्क से दूरदराज के कृषि और घरेलू उपभोक्ताओं को कम वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी तथा क्षेत्रीय ग्रिड का संतुलन लंबे समय तक बेहतर बना रहेगा।
