जबलपुर। डुमना एयरपोर्ट पर आज उस वक्त अफरातफरी व हड़कम्प मच गया, जब खबर मिली कि टर्मिनल एरिया में एक लावारिस बम रखा है। सूचना के मिलते ही पूरे एयरपोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और यात्रियों के चेहरे पर खौफ साफ देखने को मिला। देखते ही देखते सीआईएसएफ व पुलिस चप्पे-चप्पे में तैनात हो गई और तलाशी शुरु कर दी। लोगों सांस थामे कार्यवाही को देखते रहे, बाद में पता चला कि यह मॉक ड्रिल थी।
बताया गया है कि दोपहर के 1 बज रहे थे, जब एयरपोर्ट कंट्रोल रूम में एक इमरजेंसी मैसेज गूंजा, टर्मिनल के अंदर एक संदिग्ध और लावारिस बैग मिला है! मैसेज मिलते ही सुरक्षा चक्र हरकत में आ गया। पलक झपकते ही सीआईएसएफ, खमरिया थाना पुलिस, पुलिस कंट्रोल रूम और बम निरोधक दस्ते की टीमों ने भारी हथियारों के साथ पूरे एयरपोर्ट को घेर लिया। यात्रियों को आनन-फानन में सुरक्षित दूरी पर खदेड़ा गया और पूरे डुमना एयरपोर्ट को छावनी में बदल दिया गया। स्निफर डॉग्स की मदद से संदिग्ध बैग की तलाश शुरू हुई। चप्पे-चप्पे की छानबीन के दौरान डॉग स्क्वायड ने टर्मिनल के अंदर बैग को ढूँढ निकाला।
बैग में रखे बम को किया गया निष्क्रिय-
अत्याधुनिक उपकरणों से लैस बम निरोधक दस्ते ने जान हथेली पर रखकर उस खतरनाक बैग को डिफ्यूज किया और सुरक्षित कंटेनर में डाला। दोपहर 2.50 बजे तक पूरा इलाका थर्राता रहा। आखिरकार जब 2.50 बजे ऑल क्लियर का सिग्नल मिला, तब जाकर यात्रियों और कर्मचारियों की जान में जान आई।
अधिकारी बोले, यह मॉकड्रिल थी-
लोगों ने राहत की सांस उस वक्त ली जब उन्हे पता चला कि यह कोई हमला या साजिश नहीं बल्कि सुरक्षा तैयारियों और क्विक रिस्पॉन्स टाइम को परखने के लिए रची गई एक मॉक ड्रिल थी! बीटीआरसी के फैसले के तहत आपातकालीन स्थिति से निपटने की क्षमता जांचने के लिए यह सनसनीखेज अभ्यास किया गया था।
Tags
jabalpur