जबलपुर। जबलपुर अनएडेड स्कूल एसोसिएशन और द सिटी फोक्स के संयुक्त तत्वावधान में ओरोडबोल फेस्टिवल के तहत सड़क सुरक्षा, नगर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आज मानस भवन में आयोजित हुआ। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू शामिल हुए, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक अखिलेश तिवारी विशिष्ट रूप से मौजूद रहे। करीब 30 स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक और 1000 से ज्यादा युवा विद्यार्थियों की उपस्थिति में नगर निगम जबलपुर तथा पुलिस विभाग के सहयोग से सड़क दुर्घटनाओं, खेलों से व्यक्तित्व विकास और सजग नागरिक निर्माण पर आधारित विशेष लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का संचालन एसोसिएशन अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने किया।
कचरा प्रबंधन और स्वच्छ वायु में जबलपुर बना देश का मॉडल शहर
डेढ़ घंटे चले इस आयोजन में महापौर ने विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और माता-पिता के सपनों को साकार करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जबलपुर देश का सबसे साफ हवा वाला शहर है, जहां प्रतिदिन 900 टन कचरा निपटान की क्षमता है। शहर की वेस्ट टू वेल्थ पहल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। महापौर ने नर्मदा स्वच्छता के प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी समय में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रकल्पों के जरिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस अवसर पर एसोसिएशन अध्यक्ष ने घोषणा की कि अब हर सोमवार को सभी विद्यालयों में पर्यावरण व स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। कोषाध्यक्ष बृजेश मित्तल ने इस शपथ को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव बताया।
लघु फिल्मों और 28 देशों के डाक टिकटों ने दिया सुरक्षा का संदेश
यातायात नियमों की सीख देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से नियमों का पालन करने की अपील की और शहर में बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताई। इससे पहले द सिटी फोकस के समन्वयक पीयूष श्रीवास्तव ने प्रदर्शित फिल्मों और फेस्टिवल की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम स्थल पर वरिष्ठ संग्रहकर्ता विकास सिंघई के संग्रह से 28 से अधिक देशों के सड़क सुरक्षा आधारित डाक टिकटों की प्रदर्शनी लगाई गई। इसे फाइन आर्ट छात्राओं अवनि श्रीवास्तव और कनक खरे ने डिजाइन किया, जिसमें कदम संस्था के कृष्णकांत चतुर्वेदी व साथियों का सहयोग रहा। आयोजन में फिल्म निर्देशक अर्जुन वी राय, एडिटर लोकेंद्र पुरोहित, सचिव राघवेंद्र चौहान, पर्व जैसवाल, सत्या प्रजापति, सुधांशु गुप्ता, कवि विवेक चतुर्वेदी, पत्रकार नीतेश दुबे, नीरज अग्रवाल, डॉ शेखर सिंह बघेल, अखिलेश दीक्षित और प्रशांत सोनी शामिल हुए। अंत में वर्षा चौहान ने आभार व्यक्त किया।

