जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दमोह नाका स्थित पंजाब बैंक कॉलोनी के पास शुक्रवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। यहां एक लोडिंग ऑटो में लापरवाही से लदे एल्युमिनियम के पाइप आगे चल रही स्कूली वैन का पिछला कांच तोड़ते हुए अंदर जा घुसे। दुर्घटना के समय वैन में क्राइस्ट चर्च स्कूल के 8 बच्चे सवार थे। इस घटना में 1 बच्ची को चोट आई है, जबकि शेष 7 बच्चे सुरक्षित बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जाम के कारण वैन चालक ने अचानक लगाए ब्रेक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोडिंग ऑटो में बड़ी मात्रा में एल्युमिनियम के पाइप लदे हुए थे। कॉलोनी के समीप सड़क पर आगे यातायात जाम होने के कारण वैन चालक ने वाहन रोकने के लिए अचानक ब्रेक लगाया।ब्रेक लगते ही ठीक पीछे चल रहे ऑटो के बाहर निकले पाइप वैन के पिछले हिस्से का शीशा तोड़कर भीतर पहुंच गए। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से सहमे बच्चों में चीख-पुकार मच गई, हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्काल संभाल लिया।
