khabar abhi tak

वन विभाग के पास नहीं है पकड़ने का जाल, 1 महीने से मछलियों का शिकार कर रहा मगरमच्छ

फाइल फोटो
जबलपुर।  घाना क्षेत्र स्थित किसान जयदीप यादव के खेत में बने मछली पालन तालाब में 1 महीने से 4 फीट लंबे मगरमच्छ ने डेरा जमा रखा है। एक्वाकल्चर तकनीक से तैयार इस तालाब में घुसा यह खतरनाक जीव लगातार मछलियों को अपना शिकार बना रहा है, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मामले की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की वालेंटियर टीम मौके पर सक्रिय हुई, लेकिन संसाधनों के अभाव में रेस्क्यू अभियान ठप पड़ा है। टीम के सदस्य शंकरेंदुनाथ के अनुसार बिना जाल और सुरक्षा उपकरणों के इस आक्रामक जीव को बाहर निकालना बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है। कई बार प्रयास करने के बावजूद टीम खाली हाथ लौट रही है, क्योंकि आहट पाते ही वह गहरे पानी में गोता लगा देता है। विभाग की ओर से आवश्यक सामग्री उपलब्ध न कराए जाने के कारण ग्रामीणों और खेत मालिक में प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्याप्त है।

​विभाग के पास जाल न होने से रुका अभियान

वन विभाग से विशेष जाल उपलब्ध कराने की मांग की गई थी, लेकिन अधिकारियों ने सामग्री न होने का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया है। रेस्क्यू टीम के सदस्यों का कहना है कि अभियान के दौरान यह जलीय जीव कई बार उन पर हमला करने की कोशिश भी कर चुका है।

​मछलियों के शिकार से किसान को आर्थिक नुकसान

तालाब मालिक जयदीप यादव ने बताया कि उन्होंने कड़ी मेहनत से खेत खुदवाकर आधुनिक पद्धति से मत्स्य पालन शुरू किया था। लेकिन इस अनचाहे मेहमान के घुसपैठ करने से पूरी पैदावार चौपट हो रही है और बार-बार शिकायत करने पर भी कोई ठोस समाधान नहीं निकल रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak