दमोह। दमोह-कटनी रेलमार्ग पर बांदकपुर रेलवे स्टेशन के पास शनिवार सुबह एक दंपती अपनी दो बेटियों के साथ चलती दयोदय एक्सप्रेस से कूद गया। हादसे में पति-पत्नी और उनकी ढाई साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो साल की दूसरी बेटी ट्रेन में ही छूट गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ ने मौके पर पहुंचकर तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, कटनी आरपीएफ ने ट्रेन में अकेली मिली बच्ची को सुरक्षित उतारकर अपने संरक्षण में लिया और दमोह पहुंचाया।
गुना स्टेशन पर विवाद के बाद ट्रेन में सवार हुआ परिवार
घायलों की पहचान गुना जिले के आरोन निवासी भगीरथ आदिवासी (29), उनकी पत्नी सविता आदिवासी (22) और बेटी रितिका के रूप में हुई है। अस्पताल में भर्ती सविता ने बताया कि वह पति और दोनों बेटियों के साथ अशोकनगर स्थित मायके से लौट रही थी। परिवार आरोन जाने के लिए गुना रेलवे स्टेशन पहुंचा था। सविता के मुताबिक, स्टेशन पर कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि उन लोगों ने परिवार के साथ मारपीट की। इसी दौरान स्टेशन पर ट्रेन पहुंची तो वे जान बचाने के लिए उसमें सवार हो गए। उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि ट्रेन दमोह की ओर जा रही है।
पीछा किए जाने के डर से चलती ट्रेन से लगाई छलांग
सविता ने बताया कि ट्रेन में सफर के दौरान उन्हें मारपीट करने वाले लोग दोबारा दिखाई दिए। इससे परिवार दहशत में आ गया। उन्हें आशंका हुई कि आरोपी उनकी जान ले सकते हैं। इसी डर में बांदकपुर के पास उन्होंने दोनों बेटियों को साथ लेकर चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। हालांकि, इस दौरान एक बेटी ट्रेन में ही रह गई। हादसे में भगीरथ, सविता और उनके साथ मौजूद बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कटनी आरपीएफ ने बच्ची को सुरक्षित उतारा
घटना की सूचना पर आरपीएफ ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। ट्रेन में दूसरी बच्ची के अकेले छूटने की जानकारी कटनी आरपीएफ को दी गई। टीम ने सुबह करीब 8:30 बजे कटनी रेलवे स्टेशन पर बच्ची को सुरक्षित उतार लिया। प्रधान आरक्षक पूनम भंडारी और कृष्ण स्नेही पांडे बच्ची को लेकर दमोह पहुंचे। फिलहाल बाल कल्याण समिति के माध्यम से उसे नाना-नानी के सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है। घायल दंपती का कहना है कि मारपीट करने वाले लोग उनके परिचित नहीं हैं। वे आरोपियों की पहचान भी नहीं कर पाए हैं।
