khabar abhi tak

रानीताल मैदान पर 12 दिसंबर से चौकों-छक्कों के साथ गूंजेगा सनातनी एकता का संदेश



जबलपुर। सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से समरसता सेवा संगठन द्वारा आगामी 12 दिसंबर 2026 से 19 दिसंबर 2026 तक स्थानीय रानीताल खेल मैदान में समरसता कप क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया जा रहा है। संस्थापक और जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस अनूठे खेल महाकुंभ में विभिन्न जाति समाजों की टीमें अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए अध्यक्ष पवन पांडे, सचिव मनोज सेठ, वरिष्ठ अखिल मिश्रा, उज्जवल पचौरी, अमित अग्रवाल, मोनिक शाह, मुकेश हांडा, मुरली अग्रवाल, कमल कलवानी, कृष्ण अग्रवाल, मोनी अडनानी, गौरव जैन, राजीव अग्रवाल और चैतन्य रघुवंशी को आयोजन समिति में शामिल किया गया है।

​मैदान पर दिखेगा सर्व समाज की एकता का रंग

​संगठन की विज्ञप्ति के अनुसार यह आयोजन केवल खेल स्पर्धा नहीं बल्कि सनातनी मूल्यों को पहचानने और सबको साथ लेकर चलने का एक सार्थक प्रयास है। सब सबको जानें, सब सबको मानें के ध्येय वाक्य को साकार करते हुए सभी समाजों की अलग-अलग टीमें एक ही मंच पर उतरेंगी। आयोजकों का मानना है कि भले ही समाजों की परंपराएं अलग हों, लेकिन सभी की जड़ें और सनातन संस्कृति एक है। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए जबलपुर जिले की सीमा का निवासी होना अनिवार्य रखा गया है। इसके लिए खिलाड़ियों को अपना नाम और परिचय पत्र संस्था के पास जमा करना होगा। मुख्य मुकाबलों के अतिरिक्त समाज के प्रबुद्ध वर्गों के बीच भी रोमांचक मैत्री मैच होंगे। इनमें अधिवक्ता एकादश, पत्रकार एकादश, चिकित्सक एकादश और इंजीनियर्स एकादश की टीमें सीमित ओवरों के मुकाबले खेलेंगी।

​फाइनल में संत महात्मा और जनप्रतिनिधि बढ़ाएंगे शोभा

​युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिता में आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। विजेता टीम को 1 लाख 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा उपविजेता टीम और विभिन्न श्रेणियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। स्पर्धा के तहत पहले प्रारंभिक दौर के मुकाबले होंगे, जिसके बाद 4 क्वार्टर फाइनल और 2 सेमीफाइनल मैच खेले जाएंगे। समापन अवसर पर होने वाले ऐतिहासिक फाइनल मुकाबले में शहर के संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और सभी समाजों के विद्वान शामिल होंगे। इस दौरान मैदान पर कई अन्य सांस्कृतिक और आकर्षक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak