khabar abhi tak

MP में चौथे से छटवें वेतनमान वालों का DA 5 प्रतिशत बढ़ा, नगरीय निकायों के पेंशनर्स के DA में भी 2 प्रतिशत की वृद्धि

 

मध्यप्रदेश। एमपी की मोहन यादव सरकार ने चौथे, पांचवें और छठवें वेतनमान वाले कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी की है। चौथे वेतनमान में 20 और पांचवें-छठवें वेतनमान में 5-5 प्रतिशत अंक की वृद्धि की गई है। सातवें वेतनमान वालों का DA पहले ही बढ़ाया जा चुका है।

                                     बताया गया है कि बढ़े हुए डीए का नकद लाभ 1 अक्टूबर 2026 से मिलेगा। इसका भुगतान नवंबर की सैलरी में होगा। जनवरी से सितंबर 2026 तक का एरियर नवंबर, दिसंबर और जनवरी में तीन किस्तों में दिया जाएगा। इस अवधि में रिटायर या मृत हुए कर्मचारियों को एरियर की राशि एकमुश्त मिलेगी। वहीं, नगरीय निकायों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) भी बढ़ाई गई है। छठवें वेतनमान में 5 और सातवें वेतनमान में 2 प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई है। यह 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। फैसले से करीब 35 हजार कर्मचारी और 18 हजार से अधिक पेंशनर्स यानी 53 हजार से ज्यादा लोग लाभान्वित होंगे।

चौथे से छठवें वेतनमान में DA की नई दरें-

वित्त विभाग के आदेश के अनुसार छठवें वेतनमान में DA 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत, पांचवें में 323 प्रतिशत से 328 प्रतिशत और चौथे में 1465 प्रतिशत से बढ़ाकर 1485 प्रतिशत किया गया है। ये नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी।

प्रतिनियुक्त कर्मचारियों को भी मिलेगा लाभ-

सरकार के उपक्रमों, निगमों, मंडलों और अनुदान प्राप्त संस्थाओं से प्रतिनियुक्ति पर आए चौथे और पांचवें वेतनमान के कर्मचारियों को भी बढ़े हुए DA का लाभ मिलेगा। इनके लिए नई दरें क्रमश: 1485 प्रतिशत व 328 प्रतिशत निर्धारित की गई हैं। आदेश के अनुसारमहंगाई भत्ते को किसी योजना के लिए वेतन नहीं माना जाएगा।

80 साल से अधिक उम्र के पेंशनर्स को भी राहत-

नगरीय विकास एवं आवास विभाग के आदेश के मुताबिक, नगरीय निकायों के पेंशनर्स और परिवार पेंशनर्स को बढ़ी हुई  DR का लाभ मूल पेंशन पर मिलेगा। यह वृद्धि 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के पेंशनर्स को मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन पर भी लागू होगी।

परिवार पेंशन पर DR के लिए शर्त-

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पति या पत्नी की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति पाने वाले व्यक्ति को परिवार पेंशन पर महंगाई राहत की पात्रता नहीं होगी। हालांकि, यदि पति या पत्नी की मृत्यु के समय संबंधित व्यक्ति पहले से सेवा में कार्यरत था, तो उसे मिलने वाली परिवार पेंशन पर DR का लाभ दिया जाएगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak