जबलपुर। रेलवे रिटायर्ड ऑफिसर्स एसोसिएशन का वार्षिक दीपावली मिलन समारोह रेलवे के सतपुड़ा क्लब में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद एसोसिएशन के सचिव जेके तिवारी ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया और सभी के स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की। सुबह 11 बजे शुरू हुए समारोह में सदस्यों ने नाश्ते के दौरान आपसी मेल-मिलाप किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में अध्यक्ष जीपी कोस्टा के आग्रह पर वरिष्ठ सदस्य विनय शर्मा, ओपी खरे और एसके व्यास ने अपने स्वास्थ्य संबंधी अनुभव साझा किए। उन्होंने विभिन्न बीमारियों, उनके उपचार और बचाव के उपायों पर जानकारी दी। इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों के साथ बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों पर भी चर्चा हुई।इसके बाद मनोरंजन जैन ने लक्ष्मी-गणेश की आराधना के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत की। इसमें श्रीमती पुष्पा दुबे, जीपी मिश्रा, डॉ. डे, वीके नीलम, मसूद खान, श्री एवं श्रीमती मेश्राम, रजनी तिवारी और प्रिया अबरोल ने गीतों एवं भजनों की प्रस्तुति दी। सदस्यों ने संगीत कार्यक्रम का आनंद लिया।
समारोह में नवंबर माह में जन्मदिन और वैवाहिक वर्षगांठ मनाने वाले सदस्यों का जीबी अबरोल ने अभिनंदन किया और उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों को दीपावली उपहार भेंट किए गए। इसके बाद सामूहिक छायाचित्र लिया गया और सभी ने सामूहिक भोज का आनंद लिया।कार्यक्रम का समापन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष ओपी खरे ने आभार व्यक्त करते हुए किया।


