भोपाल। चक्रवाती तूफान अर्णब कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। फिलहाल इसका केंद्र मध्य छत्तीसगढ़ में बना हुआ है। इसके प्रभाव से मध्यप्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 33 जिलों में आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सागर, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, मैहर, मऊगंज, सिंगरौली, सीधी, सतना, रीवा, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, कटनी, श्योपुर, भिंड, मुरैना, अशोकनगर, दतिया, शिवपुरी, गुना, ग्वालियर, मंदसौर, आगर-मालवा, नीमच, विदिशा और राजगढ़ में मौसम खराब रहने की संभावना है।
वहीं बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, आलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, उज्जैन, इंदौर, देवास, शाजापुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, सीहोर, रायसेन और भोपाल में बादल छंटने की संभावना जताई गई है।
बारिश से फसलों और मंडियों में रखी उपज को नुकसान
चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी फसलों के साथ मंडियों में पहुंची उपज भी बारिश की चपेट में आ गई है। छिंदवाड़ा जिले में धान की फसल सबसे ज्यादा प्रभावित हुई है। वहीं मक्का की उपज भी भीगने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। कई इलाकों में किसानों को धान की कटी हुई उपज को बारिश से बचाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
